– पोहरी में लगा रोजगार मेला, 19 करोड़ से अधिक का हितलाभ 1157 स्वरोजगारियों को मिला
– एक ही छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार, युवा संगम में 8 कंपनियां शामिल
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन बुधवार 20 अगस्त 2026 को एलएसजी महाविद्यालय परिसर पोहरी में किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी बीएस मीना ने बताया कि युवा संगम कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की 8 कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 344 से अधिक युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया। इस दौरान 333 आकांक्षी युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया और 272 युवाओं को कंपनियों द्वारा मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन को पोहरी में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने युवाओं से शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और चयनित युवाओं को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत इस माह 1157 स्वरोजगारियों को 19 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक का ऑनलाइन हितलाभ वितरित किया गया। इनमें ग्रामीण आजीविका मिशन योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना और मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना शामिल हैं।
मेले में युवाओं को राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने 46 युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया, वहीं बैंक द्वारा 20 युवाओं को वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्राचार्य हेतराम आर्य, विवेक कौशल, सुनील जोशी, राजेंद्र सिंह गुर्जर सहित रोजगार कार्यालय एवं आईटीआई का स्टाफ और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।