सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह आयोजित, वक्ताओं ने मकसूद खान की सेवाओं को बताया प्रेरणादायी
रुपेश मेहरा बरेली रायसेन
शासकीय माध्यमिक शाला कैलकच्छ में सहायक शिक्षक मकसूद खान के सेवानिवृत्त होने पर शाला परिवार द्वारा भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मो, खान के दीर्घ, समर्पित एवं अनुकरणीय शैक्षिक योगदान को याद करते हुए उनका पुष्पमालाओं एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मकसूद खान ने अपने सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयास किए तथा अपने सरल, सौम्य और सहयोगी व्यवहार से सभी के बीच विशेष पहचान बनाई। वक्ताओं ने कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त शिक्षक मकसूद खान ने शाला परिवार, सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को जीवन में सफलता की कुंजी बताते हुए सदैव अच्छे नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह का संचालन विद्यालय के एक शिक्षक ने किया तथा सभी उपस्थितजनों ने मो, खान के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।