श्री कृष्ण आश्रम विद्यालय में गायत्री परिवार द्वारा बाल संस्कार शाला एवं ‘आओ गढ़ें संस्कारवान’ का आयोजन
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा सरदारपुर स्थित श्री कृष्ण आश्रम विद्यालय में ‘बाल संस्कारशाला’ एवं ‘आओ गढ़ें संस्कारवान’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और उत्तम संस्कारों का बीजारोपण करना था।
कार्यक्रम में ‘आओ गढ़ें संस्कारवान’ की प्रभारी श्रीमती विमला तिवारी एवं श्रीमती पुष्पा कारले तथा बाल संस्कारशाला की आयोजक श्रीमती साधना उपाध्याय एवं श्रीमती पुष्पा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। आश्रम के संचालक श्री करण सिंह चौहान, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति में यह आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने बच्चों को जीवन में संस्कारवान बनने, बड़ों का आदर करने और श्रेष्ठ नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
दिसंबर 2026 तक सभी विद्यालयों में पहुंचेगा अभियान मां गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंधन ट्रस्टी अध्यक्ष भारद्वाज उपाध्याय एवं तहसील समन्वयक जीवनलाल पाटीदार ने बताया: “विद्यार्थियों को संस्कारवान बनाने के संकल्प के तहत अखिल विश्व गायत्री परिवार की टीम तहसील के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में जाकर इस प्रकार के आयोजन करेगी। यह विशेष अभियान दिसंबर 2026 तक निरंतर चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक बच्चों को संस्कारित किया जा सके।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने गायत्री परिवार का आभार व्यक्त किया और बच्चों ने जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाने का संकल्प लिया।