3500 रुपए समन शुल्क वसूल किया
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित कर्क रेखा पर यातायात पुलिस की सघन वाहन चेकिंग के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। पुलिस ने फोर व्हीलर वाहनों की जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहन चालकों के चालान बनाए और 3500 रुपये का समन शुल्क वसूला।
चेकिंग अभियान के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। पुलिस की कार्रवाई को दूर से देखते ही कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अपने वाहनों की गति धीमी कर लेते थे, जबकि कुछ वाहन चालक सड़क किनारे रुककर चेकिंग की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। वहीं कई फोर व्हीलर चालक दूर से पुलिस को देखकर जल्दबाजी में सीट बेल्ट लगाते हुए नजर आए, जिससे साफ जाहिर हुआ कि नियमों का पालन अभी भी कई लोग केवल कार्रवाई के डर से कर रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा कर्क रेखा क्षेत्र में लगातार सप्ताह में तीन से चार दिन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों का कहना है कि सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बढ़ते हादसों को देखते हुए इस तरह की नियमित कार्रवाई आवश्यक है। लगातार हो रही चेकिंग से वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और यातायात व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
चेकिंग अभियान में एएसआई रमेश शाक्या, प्रधान आरक्षक भीम सिंह रघुवंशी एवं आरक्षक धर्मेंद्र यादव मौजूद रहे।