मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भीषण गर्मी के चलते जहां इंसान और पशु-पक्षी पानी के लिए परेशान हैं, वहीं फैक्ट्री चौराहा स्थित दाल मिल के पास बने छोटे तालाब में इन दिनों सफेद रंग के कई पक्षियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। तालाब में पानी कम होने के कारण छोटी मछलियां, कीड़े-मकोड़े और अन्य जलीय जीव सतह पर आने लगे हैं, जिससे पक्षियों को भोजन आसानी से मिल रहा है। इसी वजह से सुबह से लेकर शाम तक बड़ी संख्या में सफेद पक्षी तालाब में उठते-बैठते और भोजन तलाशते नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लगातार यहां पक्षियों की संख्या बढ़ रही है। जैसे ही तालाब का पानी कम हुआ, पक्षियों की गतिविधियां तेज हो गईं। तालाब के आसपास उड़ते और पानी में उतरकर भोजन करते इन पक्षियों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कई राहगीर रुककर इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते दिखाई दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जलस्रोत सिकुड़ने से पक्षियों को भोजन और पानी की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ता है। ऐसे छोटे तालाब उनके लिए सहारा बन रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें और जलस्रोतों को सुरक्षित बनाए रखें, ताकि वन्यजीवों को राहत मिल सके।