सी एल गौर रायसेन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग के आह्वान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। इसी सकारात्मक पहल को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष अपने निवास से भाजपा कार्यालय जाने के लिए चार पहिया वाहन छोड़ स्कूटी पर सवार होकर निकले।
राकेश शर्मा ने इस अवसर पर स्पष्ट रूप से घोषणा की कि प्रधानमंत्री की अपील को आत्मसात करते हुए वे अब रायसेन शहरी क्षेत्र के अंतर्गत होने वाले सभी कार्यक्रमों और बैठकों में चार पहिया वाहन का उपयोग नहीं करेंगे, बल्कि दो पहिया वाहन से ही आवागमन करेंगे। उन्होंने जिले के समस्त कार्यकर्ताओं से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि ईंधन की बचत न केवल व्यक्तिगत लाभ है, बल्कि यह राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। जिलाध्यक्ष की इस सादगी और पर्यावरण प्रेमी मुहिम की जिले भर में सराहना हो रही है। इस पहल ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि बड़े बदलाव की शुरुआत स्वयं के छोटे प्रयासों से ही संभव है, जिससे आने वाली पीढ़ी के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।