– शिवपुरी में दंपती का सुसाइड
– विवाद के बाद खाया जहर, इलाज के दौरान दोनों की मौत
– तीन साल पहले लव मैरिज की इसके बाद एक कृषि फार्म पर रह रहे थे दंपत्ति
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में आपसी विवाद के बीच एक नवदंपत्ति ने जहरीली पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि विवाद के बाद 22 वर्षीय चंद्रपाल आदिवासी और उसकी 21 वर्षीय पत्नी सावित्री ने झोपड़ी में जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में पहले पत्नी और इसके कुछ घंटे बाद पति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले लव मैरिज करने वाला यह दंपति छह माह से लुकवासा में कृषि फार्म पर मजदूरी कर रहा था और इनकी डेढ़ साल की एक बच्ची भी है। फिलहाल मेडिकल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ साल की बच्ची अनाथ हुई–
पुलिस ने बताया है कि करीब छह माह पहले दंपति लुकवासा चौकी क्षेत्र में श्रीनाथ होटल के पास स्थित एक कृषि फार्म पर मजदूरी करने के लिए रहने लगा था। यही पर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बाद में इन दोनों ने अपनी झोपड़ी में जहरीली दवा का सेवन कर लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर साथी मजदूरों ने उन्हें तत्काल कोलारस स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसी रात उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान पत्नी सावित्री ने दम तोड़ दिया। इसके लगभग 12 घंटे बाद पति चंद्रपाल की भी मृत्यु हो गई। माता-पिता दोनों की मौत के बाद उनकी डेढ़ साल की बच्ची अनाथ हो गई है।
डॉक्टरों पैनल ने किया पीएम –
बताया जा रहा है कि मायापुर थाना क्षेत्र के तिजारपुर गांव निवासी चंद्रपाल आदिवासी ने लगभग तीन साल पहले अपने ही गांव की सावित्री से प्रेम विवाह किया था। दोनों घर से भागकर शादी करने के बाद वापस गांव लौट आए थे। मेडिकल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। महिला का पोस्टमार्टम तहसीलदार की निगरानी में डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा कराया गया है, जबकि पुरुष का भी पोस्टमार्टम किया गया है।