मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर पर रविवार को धर्म रक्षक संगठन के तत्वावधान में भव्य भगवा शौर्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर स्थित दीवानगंज के पास स्थित कर्क रेखा स्थल से प्रारंभ होकर दीवानगंज सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों से होते हुए भोपाल तक पहुंची।
पदयात्रा का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यात्रा रेलवे स्टेशन दीवानगंज, सेमरा, चांदनी चौक स्थित शिव मंदिर, श्री गणेश मंदिर, अयोध्या धाम मंदिर अंबाडी, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, भवानी चौक, राम जानकी मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर दीवानगंज जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरती हुई फैक्ट्री चौराहा पहुंची। इसके बाद रैली भोपाल-विदिशा हाईवे से होते हुए बालमपुर, सुखी सेवनिया, भदभदा, छोला दशहरा मैदान होते हुए लालघाटी गुफा मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।

इस दौरान रैली में करीब 1000 से 1200 श्रद्धालु शामिल हुए, जो अपनी-अपनी बाइकों पर भगवा ध्वज लगाकर चल रहे थे। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर “जय श्री राम” सहित धार्मिक नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया गया। यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे।पदयात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हुए लोगों में उत्साह का माहौल बना दिया।