गैरतगंज मंडी में पत्थर लगाकर किसानों की उपज चुरा रहा था व्यापारी, किसानों के हंगामे के बाद लाइसेंस निलंबित
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
कृषि उपज मंडी समिति गैरतगंज में बुधवार को किसानों की मेहनत की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यापारी द्वारा तौल कांटे में जानबूझकर पत्थर लगाकर किसानों की उपज की चोरी की जा रही थी। मामला उजागर होने के बाद आक्रोशित किसानों ने भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार हंगामा किया। प्रशासन और मंडी सचिव की दखल के बाद आरोपी फर्म ‘शांति ट्रेडर्स’ का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

ऐसे खुला जालसाजी का खेल
घटना की शुरुआत तब हुई जब ग्राम रसीदपुर के किसान शफीक खान अपनी मसूर की उपज लेकर मंडी पहुंचे थे। उन्होंने घर पर अपनी उपज का वजन 1 क्विंटल किया था, लेकिन शांति ट्रेडर्स के कांटे पर तुलाई के दौरान उसे मात्र 92 किलो बताया गया। शक होने पर जब किसान ने दूसरे कांटे पर तुलाई कराई, तो वजन पूरा 1 क्विंटल निकला। इसके बाद अन्य किसानों ने भी अपनी उपज दोबारा तुलवाई, जिससे व्यापारी की पोल खुल गई।

कांटे के नीचे पत्थर लगाकर हो रही थी ‘सेंधमारी’
गुस्साए किसानों ने जब शांति ट्रेडर्स के तौल कांटे की बारीकी से जांच की, तो वहां धांधली का बड़ा सबूत मिला। दुर्गेश भैरोपुर, चतुर सिंह और भगवान सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि व्यापारी देवेंद्र कुमार जैन द्वारा कांटे के नीचे पत्थर फंसाए गए थे। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण हर 50 किलो की बोरी पर 5 से 10 किलो तक वजन कम आ रहा था। लगभग 30 किसानों के साथ इसी तरह धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है।

सड़क पर उतरे किसान, मंडी सचिव ने की कार्रवाई
व्यापारी की इस करतूत से नाराज किसानों ने मंडी प्रांगण और मुख्य सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी सचिव अभय पाल सिंह, थाना प्रभारी डीपी लोहिया मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच में कांटे में गड़बड़ी प्रमाणित पाई गई। किसानों के आक्रोश को देखते हुए मंडी प्रशासन ने मौके पर ही कुछ किसानों के चोरी किए गए माल के पैसे वापस दिलवाए।
व्यापारी का पुराना है ‘गोरखधंधा’
किसानों का आरोप है कि अमरचंद जैन और उनके पुत्र देवेंद्र जैन द्वारा संचालित शांति ट्रेडर्स में यह धोखाधड़ी लंबे समय से चल रही थी। किसानों ने मांग की है कि केवल लाइसेंस निलंबन काफी नहीं है, बल्कि किसानों के साथ हुई इस बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी के लिए व्यापारी पर कठोर कानूनी केस भी दर्ज होना चाहिए।
इस संबंध में मंडी सचिव अभयपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान तौल कांटे में स्पष्ट रूप से गड़बड़ी पाई गई है। शांति ट्रेडर्स का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है और तौल कांटों को जब्त कर लिया गया है। इस पूरे मामले का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई हेतु भेजा जा रहा है।