दीवानगंज से पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक मार्ग खराब, पंचायत से मरम्मत की मांग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज से पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक लगभग आधा किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों बेहद जर्जर हो चुका है। गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों का कहना है कि खराब सड़क पर पैदल चलना और साइकिल चलाना दोनों ही मुश्किल हो गया है। बरसात के बाद से सड़क की हालत और बिगड़ गई है, जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और धूल-मिट्टी से फिसलन भी रहती है। कई बार छात्र गिरते-गिरते बचे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग विद्यालय पहुंचने का मुख्य रास्ता है, जिससे रोज बड़ी संख्या में विद्यार्थी और गांववासी गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूल पहुंचने में देरी होती है और छोटे बच्चों को विशेष कठिनाई होती है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र निर्माण या मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि शिक्षा के केंद्र तक जाने वाला मार्ग ही खराब रहेगा तो छात्रों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ेगी।