मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशन दीवानगंज सेमरा, अंबाडी, दीवानगंज भवानी चौक, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज, बेरखेड़ी चौराहा और सलामतपुर में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को आरएएफ एवं स्थानीय थाना सलामतपुर प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च बेरखेड़ी चौराहा, दीवानगंज रेलवे स्टेशन, सेमरा, अंबाडी तथा दीवानगंज के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा बलों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता का स्पष्ट संदेश गया और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई