मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर स्थित टोल नाका के समीप
अज्ञात कारणों से एक पॉलिथीन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
112 पर सूचना मिलते ही सूखी सेवनिया थाने के ए एसआई राजेश दंडोतिया, पायलट मनोज कटारा द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।मौके पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग लगने से फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, तैयार माल और मशीनरी जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक फैक्ट्री मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन और फायर विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा।
प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक से नुकसान का आकलन कराने और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की बात कही है।