मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
अचानक मौसम बदलने के साथ तीन दिनों से आसमान में बादल छा हुए हैं। क्षेत्र में चल रही ठंडी हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आसमान में घिरे बादलों को देखते हुए किसान अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। खेतों में कटाई के बाद रखी फसल को ढकने, अनाज को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और नमी से बचाने के लिए किसान तेजी से प्रबंध कर रहे हैं। मौसम को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में इन दिनों किसानों के खेतों में थ्रेसिंग का काम जोरशोर से चल रहा है। फसल कटाई के बाद किसान अब दानों को अलग करने में जुट गए हैं। थ्रेसर मशीनों की आवाज़ें ग्रामीण इलाकों में दिनभर गूंजती रहती हैं। मजदूरों की मदद से किसान तेजी से कार्य पूरा कर रहे हैं ताकि अनाज को सुरक्षित भंडारित किया जा सके।
मौसम में ठंडक बढ़ने और बीच-बीच में बादल छाने के कारण किसान फसल को नमी से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरत रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हर तरफ खेतों पर सक्रियता देखी जा रही है और किसान जल्द से जल्द अपनी फसल सुरक्षित करने की कोशिश में लगे हैं।