विनोद साहू बाड़ी रायसेन
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर में आज भव्य तिरंगा रैली निकाली गई । इस वाहन रैली का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक श्री सुरेंद्र पटवा ने किया। वाहन रैली में बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
तिरंगा वाहन रैली का श्री गणेश नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन के पास से किया गया लगभग एक किलोमीटर लंबी रैली में सैकड़ों वाहन तिरंगा लगाए शामिल हुए। तिरंगा वाहन रैली नगर के प्रमुख मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 12 से मंगलवारा बाजार ,सोसायटी रोड ,बस स्टैंड होते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री धर्मेंद्र चौहान के निवास पर सभा के रूप में परिवर्तित हो गई। रैली के आगे डीजे पर देशभक्ति गीत गूंज रहे थे जो नागरिकों में देशभक्ति की भावना को उत्प्रेरित कर रहे थे।रैली में शामिल देशप्रेमी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारे लगा रहे थे। श्री धर्मेंद्र चौहान के निवास पर आयोजित सभा में क्षेत्रीय विधायक श्री पटवा ने देशप्रेम से ओतप्रोत संबोधन दिया तथा हर नागरिक को देशप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा वाहन रैली का नगर में जगह जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। रैली में भाजपा मंडल बाड़ी के अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेश पाल भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र चौहान ,अनिल सोनी, सुरेंद्र तिवारी सहित भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता,शासकीय संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती सुमन तिवारी सहित समस्त शिक्षक व छात्र – छात्राएं ,शासकीय कर्मचारी, सहकारी संस्था कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में नगर एवं ग्राम के नागरिक उत्साह से शामिल हुए।