-मृत्युभोज को कुप्रथा मानकर उसका त्याग
– श्रद्धांजलि सभा में कुप्रथा बंद करने की हुई सराहना
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
समाज में मृत्युभोज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से नगर के एक कुर्मी गौर परिवार ने समाज की धर्मशाला के लिए तेरहवीं के खर्च में आने वाली राशि दान देकर सराहनीय पहल की है। परिवार द्वारा समाज के संगठन को एक लाख एक हज़ार एक सौ रु की राशि सौंपी गई है। सोमवार को उनके घर तेरहवीं या मृत्युभोज की जगह केवल श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई जिसमें मौजूद समाज जनों एवं गणमान्य लोगों ने इस पहल की सराहना की।
गैरतगंज नगर के वार्ड 6 किसानी मौहल्ला में रहने वाले हरिकृष्ण गौर, अवधनारायण गौर, स्व. प्रकाश गौर की माताजी एवं राकेश गौर, गगन गौर, कृष्णा गौर की दादी श्रीमती रामकली गौर का 105 वर्ष की आयु पूर्ण कर स्वर्गवास बीती 6 मार्च को हो गया था। उनकी मृत्यु उपरांत परिवार ने हिन्दू रीतिरिवाजों से पूजा अर्चना के साथ दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार में सामाजिक कुप्रथा मृत्युभोज का बहिष्कार किया तथा इसमे खर्च होने वाली राशि को सामाजिक हित मे देने का निर्णय लिया। इसके पहले कुर्मी क्षत्रिय समाज संगठन गैरतगंज लंबे समय से मृत्यु भोज प्रथा को खत्म करने के लिए प्रयासरत था। सोमवार को गौर परिवार के निवास पर मृत्युभोज की जगह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत श्रीमती रामकली गौर माताजी को श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया। समाज के इस निर्णय का पालन करते हुए परिवारजनों ने समाज के अध्यक्ष आनंद पटेल आलमपुर को मृत्युभोज के खर्च की राशि के रूप में एक लाख एक हज़ार एक सौ रु की राशि सौंपी। इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। गौर परिवार ने यह कठोर निर्णय लेकर नई पहल की है। श्रद्धांजलि सभा एवं गंगाजली पूजन के अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर परिवार के इस निर्णय की सराहना की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रज्ञानंदाचार्य गुरुजी पंडित राघवाचार्य महाराज, कुर्मी क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष आनंद पटेल, सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल, नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई, नप उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर, पुरषोत्तम पटेल, सरपंच सैय्यद मसूद अली पटेल, राधेश्याम गौर, नवीन व्यास, अर्जुनसिंह लोधी, अशोक पटेल, देवेंद्र पटेल कस्बा पटेल, हिमांशु श्रीवास्तव, रामस्वरूप गौर, कमलेश पठया, माधव गौर, अरविंद पटेल, रामगोपाल पटेल खमरिया, मधुसूदन गौर एवं अन्य सामाजिक लोग उपस्थित रहे।
समाज की धर्मशाला बनेगी
कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा क्षेत्र में सामाजिक आयोजनों के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। विभिन्न प्रकार से जन सहयोग के स्रोत से समाज यह काम करेगा। समाज जन काफी समय से सामाजिक उत्थान के लिए कार्ययोजना पर काम कर रहे हैं।