रिपोर्ट धीरज जॉनसन,दमोह
दमोह शहर का एकमात्र जिला चिकित्सालय आजकल बेहतर व्यवस्था के लिए कम और खामियों के कारण ज्यादा चर्चा में रहता है।
अब एक शव को फ्रिजर नसीब न होने का मामला सामने आया जिसके कारण मृतक के परिजन बाजार से बर्फ खरीद कर लाए और शव को बर्फ पर रखा।
हुआ यूं कि जिले के बटियागढ़ तहसील के ग्राम अगारा टपरिया के समीप गाड़ा घटिया,बड़ी चराई के जंगल से सोमवार को एक लाश मिली,जिसकी पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई जो शनिवार से लापता था और उसके परिजन उसे ढूंढ रहे थे।

मनोज, मानसिंह ने बताया कि वे ग्राम अगारा टपरिया से है,और शनिवार से सुरेंद्र को ढूंढ रहे थे, जो सोमवार को मृत अवस्था में मिला। मौके पर पुलिस, एफएसएल पहुंची पंचनामा और कार्यवाही उपरांत शव को जिला चिकित्सालय के शवगृह में रखवाया गया, परंतु यहां फ्रिजर उपलब्ध नहीं हुआ और परिजन बाजार से करीब 800 रुपए में बर्फ खरीदकर लाए जिस पर शव को रखा गया। जानकारी मिली की यहां तीन फ्रिजर है, जिसमें से दो खराब है।

परिजनों का कहना था कि वे करीब 7 से 7:30 रात्रि में यहां पहुंचे, अस्पताल में कोई व्यवस्था नहीं मिली,शव को बर्फ पर रखा,फिर लखन पटेल (पूर्व विधायक,पथरिया) ने रात करीब 10 बजे फ्रिजर उपलब्ध करवाया।