बालाघाट। आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा मुद्दा दे दिया। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह द्वारा रानी कमलापति पर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ रविवार को भाजपाइयों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया है। कालीपुतली चौक पर युवा मोर्चा की अगुवाई में गोविंद सिंह का पुतला फूंका गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के साथ गोविंद सिंह के खिलाफ नारेबाजी की और अपने बयान पर अनुसूचित जनजाति वर्ग सहित देशवासियों से माफी मांगने कहा। जिला भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष के बयान को अनुसूचित जनजाति वर्ग का अपमान बताया। पुतला दहन से पहले जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा युवा माेर्चा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र हुए और कालीपुतली चौक पर नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया।
आदिवासी गोंड समाज के लिए बताया अपमानः
इस दौरान नवनियुक्त जिला भाजपा अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का बयान न सिर्फ रानी कमलापति का अपमान है बल्कि पूरे आदिवासी गोंड समाज का अपमान है। कांग्रेस की नीति रही है कि अगर किसी को सम्मान दिया जाता है, तो कांग्रेस उनका अपमान करने का काम करती है। सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि बयान के विरोध में जिले के सभी 23 मंडलों में विरोध स्वरूप पुतला दहन किया गया है। भाजपा नेता भूपेंद्र सोहागपुरे ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष के बयान के खिलाफ भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश सहित बालाघाट जिले के सभी मंडलों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। हमारी मांग है कि गोविंद सिंह अपने बयान पर आदिवासी समाज व देश से मांफी मांगे। इस दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। पुतला दहन के बाद तत्काल नगर पालिका के दमकल कर्मियों द्वारा अग्निशमक यंत्र से आग को बुझाया गया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल के अलावा भाजपा नगर अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व नपाध्यक्ष अनिल धुवारे, राकेश सेवईवार, सुमित यादव, कुणाल एलकर सहित अन्य मौजूद रहे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.