नरसिंहपुर/गोटेगांव। आइसक्रीम, केक, पनीर की सप्लाई कर अपना व परिवार का जीवन चलाने वाले 17 वर्षीय लड़के की मौत इसी कार्य के दौरान हो गई। जिले के गोटेगांव थाना अंतर्गत नगर से लगे ग्राम गोहचर पुलिया के पास बुधवार की रात एक अज्ञात वाहन ने लड़के की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना में बाइक क्रमांक एमपी 49 ए 5156 पर सवार 17 वर्षीय राजा पिता गुड्डू चढ़ार की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक आइसक्रीम, केक, पनीर को आर्डर पर सप्लाई करने का कार्य करता था। बुधवार की रात करीब साढ़े सात बजे मृतक सामग्री सप्लाई करने जा रहा था तभी उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी तो वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तो जांच में मृत पाया गया। वहीं मामले में पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई कर स्वजनों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं गुरुवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया और शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। इस हादसे के बाद से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस अज्ञात वाहन चालक को ढूंढने का प्रयास कर रही है।
तेज गति से दौड़ रहे वाहनः
जिले में सड़क हादसों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इस घटना पर लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहन आए दिन लोगों की जान ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने कार्रवाई होना चाहिए। इसके साथ ही जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर झांसीघाट के पास सड़क की हालत खराब है, पुल के ऊपर भी गड्ढे हो गए हैं। पुल के ऊपर सुबह-शाम बेसहारा पशुओं का जमघट लगा रहता है जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। लेकिन प्रशासन न तो सड़क की हालत सुधारने कोई पहल कर रहा है और न ही पुल के ऊपर बैठने वाले पशुओं को हटाने स्थानीय प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.