उज्जैन। माकड़ोन के उमराझार वन क्षेत्र में टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंचे रेंजर पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। वर्षा पूर्व पौधारोपण के लिए टीम जगह देखने पहुंची थी। ग्रामीणों का कहना था कि जमीन उनकी है, जबकि जिस जमीन को पौधारोपण के लिए चिन्हित किया गया है वह शासकीय है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
टीआइ केके तिवारी ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी वन मंडल तराना राकेश गोनेकर उम्र 42 वर्ष रेंजर है। वह वन विभाग के पांच कर्मचारियों के साथ बीट क्रमांक 08 उमराझार वन क्षेत्र में वर्षा पूर्व पौधारोपण के लिए जगह चिन्हित करने के लिए गए थे।
राकेश गोनेकर ने पुलिस को बताया कि वर्षा पूर्व स्थान देखना था। वन परिक्षेत्र के देवीखेड़ा क्षेत्र में भ्रमण करने के दौरान ही गुर्जर समाज के दशरथ, रामेश्वर, बद्री सहित आधा दर्जन लोगों ने रेंजर और उनकी टीम पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से रेंजर राकेश गोनेकर पैर में चोट लगने से घायल हो गए। वहीं उनकी टीम के सदस्यों को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। रेंजर राकेश की रिपोर्ट पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अवैध कब्जा कर रखा जमीन पर
पुलिस ने बताया कि वन मंडल की देवीखेड़ा और उमराझार स्थित जमीन पर क्षेत्र के लोग अवैध कब्जा कर खेती कर रहे हैं। छह माह पूर्व वन विभाग ने नोटिस देकर जगह खाली करने की सूचना दी थी, लेकिन लोगों ने अभी तक अवैध कब्जा नहीं हटाया। रेंजर व टीम पर हमला करने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि हमलावर नहीं मिले। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.