अनुराग शर्मा
सीहोर कलेक्ट्रेट कार्यालय में आए दिव्यांग हितग्राहियों के चेहरे पर उस समय खुशी छलक पड़ी, जब कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने उन्हें बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत द्वारा 80 फीसदी से अधिक दिव्यांगता वाले तीन दिव्यांग हितग्राहियों को बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल का वितरण किया गया। ट्राइसिकल पाते ही दिव्यांग हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ट्राइसिकल मिलने से उनके जीवन की राह आसान हो गई है। पहले दिव्यांगता के कारण उन्हें दैनिक कार्य करने एवं एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और सहयोग के लिए किसी एक व्यक्ति की हमेशा जरूरत पड़ती थी।

दिव्यांग हितग्राही श्रीमती मीना कुमारी, श्रीमती उमा चौरसिया तथा श्री लक्ष्मण सिंह राजपूत बताते है कि उन्हें किसी ऐसे साधन की आवश्यकता थी, जिसके माध्यम से वे रोजमर्रा के काम स्वयं आसानी से कर सके, इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन से बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल उपलब्ध करवाने के लिए आवेदन दिया। हितग्राहियों के आवेदन पर कलेक्टर श्री सिंह द्वारा उन्हें बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह के निर्देश पर सामाजिक न्याय निशक्तजन कल्याण विभाग तथा जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केन्द्र के दल द्वारा दिव्यांगों को बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल प्रदाय की गई। बैटरी चलित मोट्राइज्ड ट्राईसायकल प्रदान करने के लिए दिव्यांग हितग्राहियों ने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।