गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की उठी मांग, जनजागरण के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर में गौ सम्मान दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गौ-सेवकों ने भाग लिया।
पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तहसील कार्यालय पहुंची। इस दौरान सहभागीजन गौ माता के सम्मान और संरक्षण से जुड़े संदेश देते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह भजन-कीर्तन और गौ सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए जनजागरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पदयात्रा के समापन पर तहसील कार्यालय में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार नरेशसिंह राजपूत को सौंपा गया।
ज्ञापन में गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ-संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने और गौशालाओं के सुदृढ़ संचालन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह अहिंसक जनजागरण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जिसका मकसद समाज में गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता दिलाने के लिए इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में समाजसेवियों एवं आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजकों ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहयोग की अपील की।