–14 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी विदिशा का निरीक्षण
विदिशा। राष्ट्रीय कैडेट कोर के विदिशा में स्थित 14 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी विदिशा का भोपाल एनसीसी निदेशालय के एडिशनल डायरेक्टर मेजर जनरल अजय कुमार महाजन ने सूक्ष्म निरीक्षण किया।

जिसमें बटालियन के भवन की हालत पर असंतोष जाहिर किया। बटालियन में समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया एवं सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बटालियन में उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ कमाडिंग आफिसर कर्नल अरविंद राणा ने स्वागत किया एवं यूनिट एरिया का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान एनसीसी अधिकारियों एवं स्टाफ से भेंट करते हुए उन्होंने एनसीसी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया कि उन्हें रोल मॉडल बना कर कैडेट्स को देशभक्ति की भावना जागृत करनी चाहिए।

एडीजी ने 365 कैडेट्स को संबोधित किया और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि एनसीसी देश का सबसे बड़ा यूनिफॉर्म संगठन है। जिसमें नेतृत्व के गुण और विकास हेतु अनेक अवसर दिए जाते हैं। ट्रैकिंग, एडवेंचर, स्पोर्ट्स, प्रदेश और देशों की संस्कृतियों के जानने के अनेक अवसर उपलब्ध होते हैं। एनसीसी में कैडेट्स वार्षिक शिविर एवं संयुक्त वार्षिक शिविरों में एक दूसरे की संस्कृति को समझने, नए दोस्त बनाने तथा उनके साथ घुलने मिलने का अवसर प्राप्त होता है। सेंट्रल ऑर्गेनाइज कैंपों जैसे थल सेना कैंप, वायु सेना कैंप, नौसेना कैंपों, आर डी सी केम्प के दौरान सेना के विभिन्न प्रकार के कार्यों को जानने के साथ-साथ पूरे भारत के विभिन्न प्रांतों के कैडेट्स के साथ मिलने एवं उन्हें समझने के अवसर प्राप्त होते हैं।

दूसरे देश के कैडेट्स से मिलने के लिए यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम का प्रावधान है, जिसके लिए 10 देशों से भारत का एमओयू है। इसके अंतर्गत कैडेट्स को इन देशों की संस्कृति और कैडेट्स से मिलने के अवसर प्राप्त होते हैं।
एनसीसी में आर्मी में चयन के लिये सी सर्टिफिकेट की उपयोगिता के विषय में विस्तार से बताया। जिसमें 100 लड़कों और 10 लड़कियों को ओटीए के माध्यम से सीधे सेना में जाने का अवसर प्राप्त होता है।
एडीजी के साथ कार्यवाहक ग्रुप कमांडर भी थे।

निरीक्षण में लेफ्टिनेंट कर्नल यश, एनसीसी ऑफिसर कैप्टन मनीष छछार, कैप्टन आरएन मिश्रा, लेफ्टिनेंट विनीता प्रजापति, लेफ्टिनेंट निधि शर्मा, सेकंड ऑफीसर अनिल शर्मा, सेकंड ऑफिसर हेमंत श्रीवास्तव, सेकंड ऑफिसर रश्मि पाठक, थर्ड ऑफिसर श्री राम कोरी, सीटीओ उषा तिग्गा सहित बटालियन का समस्त स्टाफ उपस्थित था।