~ देवास शहर तीन दिन मनाएगा नगर गौरव महोत्सव
नितिन गुप्ता देवास
मां शक्ति की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि पर भारतभर में प्रसिद्ध देवास की चामुंडा माता टेकरी स्थित मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के मंदिरों में भक्तों का जुटना शुरू हो गया है । नवरात्रि पर्व के दौरान दिन में 24 घण्टे खुले रहने वाले देवास के माता मंदिर नवरात्रि पर्व के दौरान 20 लाख से अधिक श्रद्धालु पूरे देश से दर्शनों के लिए आते हैं। 2 साल के कोरोना प्रतिबन्धों के बाद इस वर्ष की नवरात्रि इसलिए भी खास हैं कि इस वर्ष नवरात्रि पर्व की के प्रथम तीन दिन देवास गौरव महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है ।

देवास नगर गौरव महोत्सव का नवरात्रि के पहले दिन 26 सितंबर से शुभारंभ होगा। नगर गौरव महोत्सव के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं । माता टेकरी पर करोड़ों की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी अनेक इंतजाम किए गए हैं। नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान बताते हैं कि इस वर्ष नवरात्रि विशेष होगी, क्योंकि इसी वर्ष नगर गौरव महोत्सव के रूप में नवरात्रि पर्व को विहंगम स्वरूप दिया गया है । इसी के साथ पूरी माता टेकरी पर विशेष सज्जा के साथ अनेक विकास कार्य भी किए गए हैं।

यहां श्रद्धालुओं के लिए रोपवे और अन्न क्षेत्र की सुविधा के साथ पूरे शहर में विशेष विद्युत सज्जा की गई है । इसके अलावा टेकरी तक आने वाले प्रत्येक मार्ग को ध्वज तथा तोरण से सजाया गया है । देवास नगर गौरव दिवस के तहत 26 सितम्बर को पुलिस परेड ग्राउंड पर महाआरती, आतिशबाजी एवं भजन संध्या होगी।
भजन संध्या में उदित नारायण आएंगे। शहर में दीपोत्सव मनाया जायेगा। जिसमें प्रत्येक घर में पांच दीपक जलाये जायेंगे।

जबकि 27 सितम्बर को कुशाभाऊ ठाकरे स्टेण्डियम से माता टेकरी शंख द्वार तक चुनरी यात्रा निकाली जायेगी । चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। चुनरी यात्रा में 50 हजार से अधिक शहरवासी शामिल होंगे। सभी महिलाएं लाल रंग के वेशभूषा में रहेंगी। महिलाएं कलश लेकर निकलेंगी। चुनरी यात्रा में विभिन्न संगठन शामिल होंगे। सभी सामाजिक संगठन चुनरी यात्रा का स्वागत करेंगे। सामाजिक संगठनों द्वारा जगह जगह प्रसाद वितरण किया जाएगा। 28 सितम्बर को पुलिस परेड ग्राउंड में कन्या पूजन एवं कन्या भोज होगा होगा। जिसमें 51 सौ कन्याओं का भोजन होगा। नवरात्रि में 09 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्पोर्ट्स एक्टिविटी होगी, शहर का गौरव बढाने वालो का सम्मान होगा।