मौके पर रायल्टी सहित वैध दस्तावेज नहीं मिले – खनिज विभाग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर के टेकापार कॉलोनी स्थित मुख्य मार्ग पर रविवार को खनिज विभाग द्वारा रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर मालिक ने खनिज विभाग के अधिकारियों पर रॉयल्टी होने के बावजूद एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। वहीं खनिज अधिकारी ने रॉयल्टी उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की अधिकारी अर्चना ताम्रकार ने अवैध परिवहन के संदेह में टेकापार कॉलोनी में खड़ी रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा और गैरतगंज थाने में खड़ा करा दिया। विभाग द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर मौके पर उसी दिन की रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं छोड़ा गया।
इधर ट्रैक्टर मालिक मोहित तिवारी ने लिखित शिकायत में बताया कि वह निर्माण ठेकेदार हैं और ममता कंस्ट्रक्शन के नाम से कार्य करते हैं। उनके अनुसार उनका ट्रैक्टर 19 सितंबर को रॉयल्टी लेकर रेत भरकर लाया था। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टेकापार कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले स्थान पर खड़ा किया गया था।
मोहित तिवारी का आरोप है कि खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पूरी जानकारी एवं दस्तावेजों की जांच किए बिना ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने पहुंचा दिया। उनका कहना है कि यदि विभाग द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाती तो रेत लाने की पूरी जानकारी सामने आ सकती थी। उन्होंने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित संबंधित अधिकारियों से लिखित रूप में किए जाने की बात कही है। वहीं खनिज अधिकारी अर्चना ताम्रकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौके पर रॉयल्टी उपलब्ध नहीं होने के कारण ही उक्त कार्रवाई की गई है।