शिव पुराण कथा के पूर्व निकली कलश यात्रा,कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से होगी तर्पण शिवमहापुराण कथा
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने किया स्वागत, ढोल ताशा बैंड रहा आकर्षण का केंद्र,आज से शुरू होगी कथा,10 निजी स्कूलों का समय बदला
रंजीत गुप्ता
अशोकनगर। स्थानीय नवीन गल्ला मंडी पठार पर आज से शुरू हो रही तर्पण शिव महापुराण कथा के पूर्व रविवार को आयोजकों द्वारा कलश यात्रा निकाली गई कलश यात्रा में महिलाएं पीत वस्त्रों में सिर पर कलश रखे पूरे श्रद्धा भाव से चल रही थी। सबसे आगे महाराष्ट्र के 40 सदस्य ढोल ताशा बैंड दल का प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कथा आयोजक सांसद डॉक्टर के पी यादव अपनी धर्म पत्नी डॉ अनुराधा यादव के साथ सिर पर शिव महापुराण कथा की पोथी रखकर सबसे आगे चल रहे थे।कलश यात्रा का शुभारंभ दोपहर करीब 2:00 बजे स्थानीय राज राजेश्वर महादेव मंदिर पुराना बाजार से हुआ। जो प्रोसेशन रोड सुराना चौराहा बजरिया मोहल्ला इंदिरा पार्क सुभाष गंज रामलीला मंच होते हुए स्टेशन रोड गांधी पार्क से श्री तार वाले बालाजी के मंदिर पर संपन्न हुआ। इस दौरान कलश यात्रा मार्ग में रहने वाले लोगों ने अपनी छतों से पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
टॉकीज चौराहे पर विधायक ने की पुष्प वर्षा –
कलश यात्रा जब स्थानीय स्टेशन रोड टॉकीज चौराहा से होकर गुजर रही थी तभी विधायक जजपाल सिंह जज्जी द्वारा अपने साथियों के साथ कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान कोलारस विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी भी मौजूद रहे।
ढोल ताशा बैंड का प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र-
कलश यात्रा में महाराष्ट्र से आया ढोल ताशा बैंड लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा जिसमें युवाओं की टीम ने सबसे आगे केसरिया ध्वज अपने हाथों में लेकर ढोल ताशा बैंड की धुन पर नृत्य किया। वहीं बैंड बजा रही दल की महिलाएं अनोखे अंदाज एवं ताल में ढोल ताशे वादन का प्रदर्शन कर रही थी। जिसे देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। संभवत शहर में पहली बार इस तरह के बैंड द्वारा प्रदर्शन किया गया है। बैंड बजा रही महिलाएं विशेष वेशभूषा में थीं, जो वृत्ताकार खड़े होकर अपनी कला का प्रदर्शन कर रही थीं।
आज से शुरू होगी तर्पण शिव महापुराण कथा–
नवीन गल्ला मंडी पठार पर आज सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक तर्पण शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा श्रोताओं को कथा सुनाई जाएगी। यह आयोजन 25 सितंबर तक चलेगा।
कथा की वजह से 10 स्कूलों का समय बदला–
शिव महापुराण कथा के आयोजन की वजह से दिनांक 19 सितंबर से 25 सितंबर तक कथा स्थल तक जाने वाले मार्गों के आसपास पढ़ने वाले स्कूलों पर भीड़ का दबाव अधिक होने की संभावना के चलते शहर के 10 निजी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी नीरज शुक्ला द्वारा विद्यालयों के प्राचार्य को जारी पत्र के अनुसार शहर के तारा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, शिवपुरी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, संस्कृति एन पब्लिक स्कूल, मुस्कान पब्लिक स्कूल, सिटी पब्लिक स्कूल शंकरपुर मगरदा, सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पठार, वंदना पब्लिक स्कूल आरोन रोड, मिलन पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महात्मा ज्योतिबा फुले स्कूल दिनांक 19 से 25 सितंबर तक दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से सभी विद्यार्थियों की विद्यालय से छुट्टी करना सुनिश्चित करेंगे। जिससे विद्यार्थियों को भीड़ के कारण किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो।