Let’s travel together.

सुल्तानगंज बस स्टैंड पर मौत का घाट! 22 चक्का हाइवा मकान में घुसा, हादसों का हॉटस्पॉट बना चौराहा!

0 38

सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन 

रायसेन जिले के सुल्तानगंज बस स्टैंड पर एक बार फिर सड़क हादसे ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क निर्माण की खामियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज सुबह करीब 7 बजे राख से भरा 22 चक्का हाइवा घाट चढ़ते समय अचानक रिवर्स हुआ और सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हाइवा की टक्कर से मकान की बाउंड्री, घरेलू सामान और सामने खड़ी स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 15 लाख रुपये के नुकसान का दावा पीड़ित परिवार ने किया है। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए। लेकिन सवाल है कि आखिर सुल्तानगंज बस स्टैंड कब तक हादसों का केंद्र बना रहेगा?

रायसेन जिले के सुल्तानगंज बस स्टैंड पर रविवार सुबह करीब 7 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एनटीपीसी गाडरवारा से राख लेकर राहतगढ़ जा रहा एक 22 चक्का हाइवा घाट चढ़ते समय अचानक पीछे की ओर खिसक गया और सड़क किनारे बने देवी सिंह चौधरी के मकान में जा घुसा।

हाइवा ने मकान की बाउंड्री को तोड़ दिया, सामने पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के अंदर रखी गृहस्थी का सामान भी नुकसान की चपेट में आ गया।

पीड़ित परिवार के मुताबिक इस हादसे में करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। परिवार का कहना है कि यदि हाइवा कुछ फीट और अंदर चला जाता तो बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था।

यह हादसा महज एक वाहन के अनियंत्रित होने की घटना नहीं, बल्कि सुल्तानगंज बस स्टैंड पर लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की अनदेखी का भी सवाल है।

यह मार्ग स्टेट हाईवे-15 है, जो सिलवानी से सागर जाने वाला प्रमुख मार्ग है। बस स्टैंड पर घाट, ढलान, पांच दिशाओं से आने वाली सड़कों का मिलन, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही इस स्थान को बेहद जोखिम भरा बना देती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कभी ढलान पर तेज रफ्तार वाहन हादसे का कारण बनते हैं, तो कभी घाट चढ़ते समय भारी वाहन पीछे खिसक जाते हैं। वहीं चौराहे की व्यवस्थित संरचना और यातायात नियंत्रण के अभाव में वाहन आपस में टकराने की घटनाएं भी होती रहती हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में यहां दर्जनों हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी विकलांगता का शिकार हुए।

सवाल सीधे एमपीआरडीसी विभाग की जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे हैं। आखिर इस खतरनाक घाट और बस स्टैंड की स्थिति सुधारने के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, घाट को सुरक्षित बनाने, चौराहे को व्यवस्थित करने और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के इंतजाम कब होंगे?

स्थानीय लोगों की मांग है कि घाट का सुधार किया जाए, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाए और बस स्टैंड पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए, ताकि किसी और परिवार को ऐसी दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

सुल्तानगंज बस स्टैंड पर आज का हादसा एक परिवार के लिए लाखों रुपये के नुकसान और दहशत की वजह बना, लेकिन इससे कहीं बड़ा सवाल उन लोगों की सुरक्षा का है जो रोज इसी सड़क से गुजरते हैं। हादसे के बाद अब स्थानीय लोग इंतजार कर रहे हैं कि जिम्मेदार विभाग इस खतरे को गंभीरता से लेगा या फिर किसी अगले हादसे के बाद ही जागेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

सुल्तानगंज बस स्टैंड पर मौत का घाट! 22 चक्का हाइवा मकान में घुसा, हादसों का हॉटस्पॉट बना चौराहा!     |     सागर में पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ     |     वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल      |     भाजपा प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक ने मन की बात सुनी जन-जन के साथ      |     क्षत्रिय मारू कुमावत समाज संगठन विस्तार से राजनीतिक भागीदारी को लेकर हुआ मंथन     |     भाजपा जिला अध्यक्ष ने साचेत गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ सुनी पीएम मोदी के मन की बात      |     एक ऐसी विदाई, जो समाज को नई दिशा देगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती करेगी     |     सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का भव्य शुभारंभ     |     भोपाल-विदिशा हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार     |     अंबाडी में नल-जल योजना की मोटर जली, दो से तीन दिन पानी की सप्लाई प्रभावित; ग्रामीण परेशान     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811