निर्दलीय उम्मीदवार उतारने के विकल्प पर भी विचार
– मनोज बैरागी सरदारपुर धार
बदनावर क्षत्रिय मारू कुमावत समाज संगठन जिला धार इकाई की जिला कार्यकारिणी बैठक ग्राम कोद में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजना, प्रदेश स्तर पर पदाधिकारी चयन एवं समाज की राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राधेश्याम सिद्धड एवं जिला प्रभारी रमेशचंद्र तलाईचा ने की। बैठक में जिला एवं तहसील कार्यकारिणी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में पदाधिकारियों ने भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ही दलों में समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सरदारपुर तहसील में समाज की बड़ी संख्या होने के बावजूद राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। इसको लेकर आगामी चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतारने के विकल्प पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा आगामी समय में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक संरचना एवं पदाधिकारी चयन प्रक्रिया पूर्ण करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन के सुचारु संचालन एवं विस्तार के लिए जिला पदाधिकारियों की वार्षिक निर्धारित राशि तय करने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी द्वारा नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान किया गया तथा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने समाज सुधार, एकता और संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया।
बैठक में वरिष्ठ तहसील अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष दिनेश लिम्बिवाल, युवा तहसील अध्यक्ष धर्मचंद लंबा, सुंदरलाल मावर, गोपाल गुगावन, दीपक चौधरी, देवीलाल श्रीकार, कैलाश चौधरी, कालूराम टॉक, डॉ. सुखदेव मारू, लोकेश करोड़ीवाल, लालचंद चांदोरा, रामेश्वर गुगावन, धर्मचंद दया, भेरूलाल चौधरी, रमेश चौधरी, रवि दुबलदिया, ईश्वर लाल दुबलदिया, मुकेश गुगावन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकरलाल मारू, लाड़ना, मोयाखेड़ा, सरदारपुर द्वारा दी गई।