भोपाल से पहुंचे अशोक जुनेजा ने कहा- मानव जीवन मिला है तो अच्छे कर्म करें, भजनों की प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ माहौल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
जिले के सांची विकासखंड के ग्राम कायमपुर स्थित आदिवासी भील टोला में गुरुवार को निरंकारी सत्संग का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर सत्संग का लाभ लिया। भोपाल से पधारे अशोक जुनेजा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है। मानव धर्म में जन्म लिया है तो हमें अपने जीवन में अच्छे कार्य करना चाहिए और दूसरों के प्रति प्रेम, सहयोग तथा सद्भाव की भावना रखनी चाहिए। धर्म का वास्तविक उद्देश्य मानवता की सेवा करना और अच्छे कर्मों के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाना है।
सत्संग के दौरान जीवन बारिया, पूजा, शिवानी और मांगीलाल सहित अन्य लोगों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों और आध्यात्मिक विचारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने मिलकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर ग्राम के मुख्य सेवक टीटिया बारिया, रतन सिंह, हेमराज, जीवन, महेश, शिक्षक संजय जैन, फरहीन अंजुम, सोनू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।