सोशल मीडिया पर अधिक वसूली का वीडियो वायरल होने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत ‘राजा भैया’ चौधरी ने लिया एक्शन
दुकानदारों को वापस कराई गई राशि; अगले साल से ठेका प्रथा बंद करने का ऐलान
रुपेश मेहरा बरेली रायसेन
नगर में सज़ा गन्ने का बाजार की दुकान देवउठनी एकादशी के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत ‘राजा भैया’ चौधरी ने गन्ने की दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को राहत देते हुए दो दिनों तक तहबाजारी शुल्क मुक्त करने की पहल की है। साथ ही, जिन दुकानदारों से ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित राशि से अधिक वसूली किए जाने की शिकायत सामने आई थी, उन्हें अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस कराई गई।
, दो दिन पहले तहबाजारी ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित नियमों से अधिक राशि वसूले जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष चौधरी ने अगले ही दिन गन्ना दुकानदारों से मुलाकात की और देवउठनी एकादशी के अवसर पर दो दिनों तक तहबाजारी शुल्क से छूट देने का निर्णय लिया। उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की अनुचित वसूली की शिकायत मिलने पर ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक आयोजनों पर शुल्क माफी से नियमों पर सवाल
नगर परिषद द्वारा तहबाजारी का ठेका नीलाम करते समय ठेकेदार को निर्धारित नियमों एवं शुल्क वसूली की सूची उपलब्ध कराई जाती है, जिसके आधार पर पूरे वर्ष वसूली की जाती है। लेकिन इस वर्ष नगर परिषद द्वारा विभिन्न धार्मिक आयोजनों पर तहबाजारी शुल्क माफ किए जाने के निर्णय भी सामने आए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इन छूटों के लिए ठेका शर्तों में कोई प्रावधान है? यदि निर्धारित ठेका अवधि के दौरान शुल्क माफ किए जाने से ठेकेदार को आर्थिक नुकसान होता है, तो उसकी भरपाई किस आधार पर होगी? क्या इसके लिए नगर परिषद की ओर से कोई व्यवस्था की गई है?

अगले वर्ष से बंद होगी ठेका प्रथा
नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत ‘राजा भैया’ चौधरी ने सोशल मीडिया पर दिए गए बयान में अगले वर्ष से तहबाजारी की ठेका प्रथा बंद करने और नगर परिषद के माध्यम से ही शुल्क वसूली की व्यवस्था लागू करने की बात कही है। यदि यह निर्णय अमल में आता है तो तहबाजारी वसूली की व्यवस्था सीधे नगर परिषद के नियंत्रण में होगी।