सिलवानी में रतनजोत खाने से 17 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
स्कूल के पास लगे पौधे के फल खाने के बाद बच्चों को हुआ पेट दर्द, 15 बच्चों का सिविल अस्पताल सिलवानी में चल रहा उपचार, दो का प्रतापगढ़ में इलाज जारी
रायसेन। जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम पुदर सलैया में रतनजोत के फल खाने से करीब 17 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। स्कूल के पास लगे रतनजोत के पौधे के फल खाने के बाद बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रतनजोत खाने के बाद बच्चों को पेट दर्द सहित अन्य परेशानियां होने लगीं। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से 15 बच्चों को सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। वहीं, दो अन्य बच्चों का प्रतापगढ़ में उपचार जारी बताया जा रहा है।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे
सिविल अस्पताल सिलवानी के डॉक्टर राहुल धाकड़ ने बताया कि अस्पताल में लाए गए सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल भर्ती बच्चों की स्थिति ठीक है। उपचार के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर किसी बच्चे को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करने का निर्णय लिया जाएगा।

कलेक्टर ने लिया मामले का संज्ञान
घटना की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नजर बच्चों के उपचार पर बनी हुई है। मामले में कलेक्टर रोहित सिसोनिया का भी बयान लिया गया है। फिलहाल सभी बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

सावधानी जरूरी
रतनजोत के पौधे के फल और बीजों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को अनजान पौधों के फल और बीज खाने से रोकने की जरूरत है। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास लगे ऐसे पौधों के प्रति भी बच्चों को जागरूक करना जरूरी है।