शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज से बड़ी खबर सामने आई है।जिस मंदिर में अहिंसा और शांति का संदेश दिया जाता है, उसी मंदिर में मारपीट की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। रायसेन जिले के बेगमगंज स्थित बड़े दिगंबर जैन मंदिर में दो महिलाओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कथित मारपीट तक पहुंच गया। घटना में किरण जैन, पत्नी पुष्पेंद्र जैन, घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, अभिलाषा जैन, पत्नी संदीप जैन, पर किरण जैन के साथ मारपीट करने का आरोप है। घायल महिला को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। सिर और गले में चोट आने के कारण उनकी हालत गंभीर बताई गई और बेहतर उपचार के लिए उन्हें सागर रेफर कर दिया गया।

सबसे अहम बात यह है कि घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में कैमरे की रिकॉर्डिंग घटना की परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
अब सवाल यह है कि आखिर जिस स्थान पर अहिंसा, संयम और शांति का पाठ पढ़ाया जाता है, वहां विवाद ने इतना गंभीर रूप कैसे ले लिया? फिलहाल, घटना को लेकर सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच्चाई सामने आना जरूरी है।