रायसेन में पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त छापेमार कार्रवाई, करीब 2 लाख रुपए की आतिशबाजी जब्त
रायसेन। त्योहारों के सीजन में आतिशबाजी की मांग के बीच रायसेन शहर में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण का मामला सामने आया है। शहर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित अवंतिका कॉलोनी में शनिवार देर शाम पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर करीब 2 लाख रुपए की आतिशबाजी जब्त की। मकान में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी मकान में बच्चों की कोचिंग भी संचालित हो रही थी। ऐसे में पटाखों के बीच पढ़ाई कर रहे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एसडीओपी आकांक्षा तलैया के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मकान मालिक योगेश अग्रवाल के यहां दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का स्टॉक मिला। बताया जा रहा है कि मकान मालिक पिछले करीब 10 वर्षों से घर में पटाखों का भंडारण कर रहा था। टीम ने मौके से करीब 2 लाख रुपए कीमत की आतिशबाजी जब्त कर कोतवाली थाने पहुंचाई।

एक ही मकान में पटाखों का भंडारण और बच्चों की कोचिंग
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि जिस मकान में पटाखों का भंडारण किया जा रहा था, उसी परिसर में बच्चों की कोचिंग भी संचालित हो रही थी। ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री के बीच बच्चों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई कर आतिशबाजी जब्त कर ली।
पुलिस द्वारा मामले में आतिशबाजी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को कोचिंग या अन्य शिक्षण संस्थानों में भेजने से पहले वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। कार्रवाई के दौरान कोतवाली टीआई नरेंद्र गोयल सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।