सागर । श्री विद्या समय अवतरण समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज, सागर के तत्वावधान में आचार्य श्री विद्यासागर महाराज और आचार्य श्री समय सागर महाराज के अवतरण दिवस शरद पूर्णिमा पर 26 अक्टूबर, सोमवार को रात्रि 8 बजे से ‘जिन शासन के सम्राट की संयम यात्रा’ विषय पर भव्य नाटिका का मंचन एवं ‘एक संत अरिहंत सा’ भजन संध्या का आयोजन होगा।
मुकेश जैन ढाना ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म, त्याग, तप और संयम का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा जिनशासन की प्रभावना करना है।
आयोजन की शुरुआत शाम 6:30 बजे बाहुबली कॉलोनी से भव्य महाआरती यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा राधा टॉकीज, गुजराती बाजार होकर के रात्रि 8 बजे म्युनिसिपल तीनबत्ती, कटरा बाजार, सागर पहुंचेगी। इसके बाद गुरुदेव की सामूहिक आरती एवं आरती वेशभूषा सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई है
अनिल नैनधरा ने बताया कि रात्रि 8:30 बजे से ‘जिन शासन के सम्राट की संयम यात्रा’ पर आधारित भव्य नाटिका का मंचन होगा, जिसमें संयम, त्याग और धर्म के आदर्श प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद रात्रि 9:30 से 10:30 बजे तक ‘एक संत अरिहंत सा’ भजन संध्या होगी, जिसमें जैन भजनों से धर्ममय वातावरण निर्मित होगा।
चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष संतोष बिलहरा और राजेश जैन रोड लाइंस ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।