मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज में पहाड़ की चोटी पर स्थित प्राचीन गुफा मंदिर इन दिनों श्रद्धा और प्राकृतिक सुंदरता का केंद्र बना हुआ है। नवरात्रि में मां काली के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को 351 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, लेकिन कठिन चढ़ाई भी उनके उत्साह को कम नहीं कर रही है।
गुफा मंदिर में मां काली के साथ भगवान शिव-पार्वती, गणेशजी और हनुमानजी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पहाड़ पर सिद्ध बाबा का स्थान पुराना है। वर्ष 2004 में यहां मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं। तब से यह स्थान क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
बारिश के बाद बढ़ी प्राकृतिक सुंदरता-
बारिश के बाद पहाड़ चारों ओर हरियाली से घिर गया है। ठंडी हवाएं और ऊंचाई से आसपास के गांवों, तालाबों व पहाड़ियों का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति प्रेमी भी यहां पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के दौरान सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।
जन्माष्टमी और नवरात्रि की नवमी जैसे विशेष अवसरों पर गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इन दिनों भी भक्त परिवार के साथ पहुंचकर मां काली के दर्शन कर रहे हैं। पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी अनुभव कराता है