गढ़ी में जनविश्वास शिविर: नवागत कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
– आदिवासी छात्रावास की बदहाली पर भड़के कलेक्टर, 15 दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश
– 11 माह से आवास की किस्त का इंतजार कर रहे हितग्राही को दो दिन में राहत देने के आदेश
– किसानों को प्रमाणित चने के बीज, स्प्रेयर और सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गैरतगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत गढ़ी में शुक्रवार को जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया एवं आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन निधि निवेदिता ने सहभागिता कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्र में संचालित शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के दौरान कलेक्टर ने आदिवासी बालक छात्रावास की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए समयसीमा तय की।
छात्रावास की बदहाली पर नाराज हुए कलेक्टर, अधीक्षक को 15 दिन का अल्टीमेटम
गढ़ी में शिविर के दौरान नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में पुताई एवं साफ-सफाई की कमी और पलंगों पर पुरानी चादरें देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षक महेश विश्वकर्मा को व्यवस्थाओं में सुधार करने की सख्त हिदायत देते हुए 15 दिवस के भीतर साफ-सफाई, पुताई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी जाएगी।
कलेक्टर की इस कार्रवाई से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।

11 माह से नहीं मिली प्रधानमंत्री आवास की किस्त, दो दिन में निराकरण के निर्देश
शिविर में आमजन की समस्याएं सुनने के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ा एक मामला सामने आया। एक हितग्राही को पिछले 11 माह से आवास निर्माण की किस्त नहीं मिलने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित आवास शाखा प्रभारी को दो दिन के भीतर मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में समस्या का समाधान नहीं होने पर संबंधित प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के इस सख्त रुख से स्पष्ट संदेश गया कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना, शासकीय सेवाओं को सुलभ बनाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों को पात्रतानुसार लाभ लेने के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभ मिलने की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर समयसीमा में कार्रवाई कर आवेदकों को निराकरण की जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, योजनाओं की ली जानकारी
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, शासकीय सेवाओं और पात्रता संबंधी जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे और आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

किसानों को प्रमाणित चने के बीज, स्प्रेयर और सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित
शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया एवं आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन निधि निवेदिता ने मोहन सिंह, सोन सिंह, संग्राम, मंगू, गोपाल सिंह और पदम सिंह सहित वन पट्टाधारी किसानों को चने की उन्नत किस्म JG-202 के प्रमाणित बीज वितरित किए।
कृषि विभाग के अनुसार चने की यह किस्म कृषि महाविद्यालय, सीहोर द्वारा विकसित की गई है। यह लगभग 90 से 105 दिनों में पककर तैयार हो जाती है तथा अनुकूल परिस्थितियों में दो सिंचाई के साथ 20 से 25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन देने की क्षमता रखती है। यह किस्म फ्यूजेरियम विल्ट रोग के प्रति प्रतिरोधी बताई गई है।

इसके अलावा किसान नीरज राजपूत एवं विजय को 50 प्रतिशत अनुदान पर पावर स्प्रेयर प्रदान किए गए। वहीं बाबूलाल, लालचंद, भूपेंद्र एवं सुधा बाई सहित चार किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में परियोजना संचालक आत्मा द्वारा किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को धान की कटाई के बाद नरवाई नहीं जलाने तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गढ़ी के सरपंच सैयद मसूद अली पटेल, सैयद साजिद अली पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ऊषा सोनू मीणा, मंडल अध्यक्ष वीर सिंह पटेल, जनपद सदस्य फैमीदा बी रिजवान खां, उपसरपंच बृजेश जाटव, पूर्व सरपंच भागचंद चौरसिया, पूर्व जनपद सदस्य खेमचंद चौरसिया, डॉ. कैलाश सोनी, मोहन माहेश्वरी, सरपंच रवि पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से जहां ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, वहीं कलेक्टर द्वारा छात्रावास की व्यवस्थाओं और लंबित आवास किस्त के मामले में समयसीमा तय किए जाने से प्रशासनिक जवाबदेही का संदेश भी सामने आया।