251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, हाथों से तैयार मां वैष्णो देवी की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र
पुराने गुरुद्वारा से निकली चुनरी यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए रात 8 बजे खेड़ापति हनुमान माता मंदिर पहुंची
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद बांटा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दीवानगंज में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में जगह-जगह झांकी पंडालों में महाआरती और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं, वहीं श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन होकर चुनरी यात्राएं निकाल रहे हैं। इसी क्रम में नवरात्रि में दीवानगंज की शिव शंकर दुर्गा उत्सव समिति की ओर से पुराने गुरुद्वारा से भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। शाम 5 बजे शुरू हुई इस यात्रा में छोटी-छोटी कन्याओं से लेकर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु नंगे पैर चलकर 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।

हाथों से तैयार मां वैष्णो देवी की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र
चुनरी यात्रा की खास बात अंशु नायक और कृष्णा नायक द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई मां वैष्णो देवी की भव्य प्रतिमा रही। दोनों ने कई दिनों की मेहनत से इस प्रतिमा को तैयार किया। प्रतिमा तैयार होने के बाद उसे एक ऑटो में विराजित कर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गांव भ्रमण के बाद प्रतिमा को खेड़ापति हनुमान माता मंदिर ले जाया गया इसके बाद पुराने गुरुद्वारा परिसर में हाथों से तैयार किए गए पहाड़ पर स्थापित किया गया, जहां आगामी दिनों में भक्तजन मां वैष्णो देवी के दर्शन कर सकेंगे। प्रतिमा और पहाड़ की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा, रात 8 बजे हुई संपन्न
चुनरी यात्रा पुराने गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर गुफा मंदिर, ग्वाल चमेली, गुसाई मोहल्ला, कोरी मोहल्ला, भवानी चौक और गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेड़ापति हनुमान माता मंदिर पहुंची। शाम 5 बजे शुरू हुई यात्रा रात करीब 8 बजे संपन्न हुई। रास्तेभर श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए चलते रहे। जगह-जगह लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।
समिति की ओर से बताया गया कि यह चुनरी यात्रा लगातार आयोजित की जा रही है। हर वर्ष चुनरी की लंबाई में कुछ मीटर की बढ़ोतरी कर यात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी इसी परंपरा को जारी रखते हुए चुनरी यात्रा निकाली जाएगी।

खेड़ापति मंदिर में महाआरती, श्रद्धालुओं को बांटी खीर
चुनरी यात्रा के समापन पर खेड़ापति हनुमान माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान गणेश जी, मां दुर्गा, भगवान शंकर, भगवान विष्णु और हनुमान जी की आरती की गई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता रानी से परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। महाआरती के बाद भक्तों को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
नौ देवियों के दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
दीवानगंज का खेड़ापति हनुमान माता मंदिर वर्षों पुराना धार्मिक स्थल है। कुछ वर्ष पहले ही मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया है। इसे मढ़ माता मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यहां नौ माताओं के स्थान के साथ हनुमान जी का मंदिर भी बना हुआ है। नवरात्रि के दौरान क्षेत्र के श्रद्धालु नौ दिनों तक यहां पहुंचकर नौ देवियों को जल अर्पित करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मंदिर में मां दुर्गा की स्थायी स्थापना भी की गई है।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। चुनरी यात्रा के समापन और महाआरती के दौरान पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। धार्मिक आयोजन ने गांव में भक्ति, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का माहौल बना दिया।