सभी सरकारी बैंकों में 5 दिन काम की खबर पर बड़ा अपडेट, हर शनिवार छुट्टी का वायरल नोटिफिकेशन फर्जी
नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित सरकारी नोटिफिकेशन ने भ्रम बढ़ा दिया है। वायरल पत्र में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, PIB Fact Check ने इस दावे को फर्जी बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कथित गैजेट नोटिफिकेशन
सोशल मीडिया पर वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के नाम से एक कथित नोटिफिकेशन शेयर किया जा रहा है। इसमें दावा किया गया कि SBI समेत सभी सरकारी बैंकों में अब प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
वायरल दस्तावेज सामने आने के बाद बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या सरकार ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को मंजूरी दे दी है।
PIB Fact Check ने बताया फर्जी
PIB Fact Check की जांच में वायरल किया जा रहा दस्तावेज फर्जी पाया गया। PIB के मुताबिक, वित्त मंत्रालय (वित्तीय सेवा विभाग) की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की बात कही गई हो।
इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पत्र को आधार बनाकर बैंकों में शनिवार की छुट्टी को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर क्या है स्थिति?
सरकारी बैंकों में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार अवकाश की मांग लंबे समय से बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में शामिल रही है। हाल में इसी मांग को लेकर बैंक यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। हालांकि, सरकार और बैंक संगठनों के बीच बातचीत के बाद प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया गया था।इसी क्रम में 27 सितंबर, रविवार को भी कई सरकारी बैंक खुले रहे थे।
सरकार ने अभी हर शनिवार की छुट्टी घोषित नहीं की
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकारी बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने के मुद्दे पर प्रक्रिया और विचार-विमर्श जारी है। इस संबंध में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) से जुड़े पक्षों के बीच चर्चा की जा रही है।
एक उच्चस्तरीय समिति गठित कर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विचार किए जाने की बात सामने आई है। समिति विभिन्न हितधारकों से चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास करेगी, जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों और अन्य संबंधित पक्षों के लिए भी स्वीकार्य हो।
ग्राहकों के लिए जरूरी बात
फिलहाल हर शनिवार को सरकारी बैंकों में छुट्टी घोषित होने की खबर की पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल कथित सरकारी पत्र को PIB Fact Check ने फर्जी बताया है। इसलिए बैंक ग्राहकों को छुट्टियों को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के बजाय बैंक या आधिकारिक सरकारी सूचना पर ही भरोसा करना चाहिए।
सरकारी बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर चर्चा जरूर चल रही है, लेकिन हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने वाला वायरल नोटिफिकेशन फर्जी है।