भोपाल में प्रदेश पदाधिकारियों एवं संभाग अध्यक्षों की विशेष बैठक, अपेक्स बैंक के समक्ष प्रमुख मांगें रखीं
सी के पारे
भोपाल। मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ, भोपाल की प्रदेश पदाधिकारियों एवं संभाग अध्यक्षों की विशेष बैठक बुधवार को ब्लू स्टार होटल, भोपाल में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री बी.एस. चौहान एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं संभाग अध्यक्षों ने सहभागिता की।
बैठक में सहकारिता समिति कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से वेतनमान में 60 प्रतिशत की मांग, कैडर भर्ती प्रक्रिया तथा कर्मचारियों की पदोन्नति के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं एवं लंबित मांगों को मजबूती से सामने रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के पश्चात महासंघ के समस्त पदाधिकारी माननीय अध्यक्ष, अपेक्स बैंक एवं प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव तथा बैंक के प्रभारी प्रबंध संचालक श्री मनोज कुमार गुप्ता से मुलाकात करने पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा तथा मांगों के शीघ्र निराकरण के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर श्री महेंद्र सिंह यादव जी ने महासंघ के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों द्वारा रखी गई सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक एवं सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र ही आवश्यक निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि अधिकारियों की ओर से मांगों को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिलने से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है। प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि सहकारिता समिति कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए महासंघ लगातार प्रयासरत रहेगा और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उचित स्तर पर मजबूती से उठाता रहेगा।
बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं लंबित मांगों के निराकरण के लिए संगठित प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।