सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद गैरतगंज तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के खुले कारोबार को लेकर लोधी समाज एवं क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई है। गुरुवार को क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी गैरतगंज के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की असामयिक मृत्यु की घटना से समाज और आमजन में आक्रोश एवं असुरक्षा का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि गैरतगंज तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अवैध शराब की बिक्री का कारोबार लगातार जारी है। गांवों, मजरे-टोलों और मुख्य मार्गों के ढाबों पर अवैध शराब बेचे जाने से ग्रामीण परिवेश और युवा पीढ़ी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि अवैध शराब के संबंध में पूर्व में प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से शराब कारोबारियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें
ज्ञापन में राजेंद्र लोधी, अहिल्या लोधी, इंदर सिंह लोधी, मनोज लोधी सरपंच, शंकर पटेल, कमलेश लोधी, नारायण चांदोनी, सुखदेव जमुनिया, अशोक लोधी जुझारपुर, महेंद्र लोधी हिनोतिया खालसा, बब्लू लोधी उंसरमेटा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने गैरतगंज तहसील के संदिग्ध गांवों, ढाबों और किराना दुकानों पर जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन छापामार कार्रवाई कराने की मांग की।
उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा संबंधित क्षेत्रों में अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि गैरतगंज क्षेत्र में सागर जैसी कोई घटना होती है तो तत्कालीन आबकारी अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी जवाबदेही तय कर नामजद एफआईआर की कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 7 दिवस के भीतर गैरतगंज क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध ठोस एवं निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो तहसील स्तर पर शांतिपूर्ण जनआंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।