सुरेंद्र जैन धरसीवां रायपुर
जनपद पंचायत धरसीवां में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में VB-G रामजी के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 50 लाख रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी अपूर्ण आवासों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा लंबित आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ओबीसी एवं एससी प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं श्रम विभाग एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित हितग्राहियों के E-KYC कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए सचिवों को निर्देशित किया गया।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों, कचरा संग्रहण एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ओबीसी सर्वे एवं ‘सुग्घर छत्तीसगढ़’ से संबंधित डाटा एंट्री कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सचिवों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
बैठक के अंत में कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं स्वस्थ कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायत सचिवों का हेल्थ चेकअप कराया गया।