विजी लवानिया गौहरगंज, रायसेन
ग्राम पंचायत गौहरगंज के तहसील प्रांगण क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से वार्ड क्रमांक-1 के रहवासियों को दूषित पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि फूटी हुई पाइपलाइन से खुले नाले का गंदा और दूषित पानी पाइपलाइन में प्रवेश कर रहा है, जो आगे घरों तक पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड में पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पाइपलाइन के आसपास खुले नाले का पानी जमा रहता है और पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण उसके अंदर गंदा पानी जाने की आशंका बनी हुई है। यही पानी पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पहुंचने से लोगों में चिंता का माहौल है।
रहवासियों का कहना है कि दूषित पानी की आपूर्ति से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा होने की आशंका है। इसके अलावा कुछ घरों की छतों से पानी सड़क पर गिरने के कारण राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड क्रमांक-1 के रहवासियों ने तहसील प्रशासन और ग्राम पंचायत से मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने, नाले के दूषित पानी की पाइपलाइन में एंट्री रोकने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी समस्या को जल्द दूर नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
रिपोर्ट: विजी लवानिया, गौहरगंज, रायसेन