रामभरोस विश्वकर्मा,मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप थाना क्षेत्र में एक युवती से पहचान छिपाकर दोस्ती करने, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो के जरिए कथित रूप से ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी मुमताज मोहम्मद ने अपनी पहचान ‘मनीष’ बताकर उससे दोस्ती की। आरोप है कि बाद में आरोपी ने युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेल किया गया तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।

डरने के बजाय युवती ने उठाया कदम
आरोपों के मुताबिक, जब मामला हद से बढ़ गया तो युवती ने चुप रहने के बजाय आरोपी का सामना किया। युवती ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। युवती के इस कदम की क्षेत्र में चर्चा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मंडीदीप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव से संबंधित प्रावधानों सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

एक जरूरी संदेश
यह मामला एक बार फिर बताता है कि किसी भी तरह के छल, धमकी, ब्लैकमेलिंग या जबरन दबाव की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल परिजनों और पुलिस की मदद लेना जरूरी है। युवती द्वारा हिम्मत दिखाकर शिकायत दर्ज कराना अन्य पीड़ितों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप पुलिस जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया के अधीन हैं। आरोपी के दोषी होने का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।