Let’s travel together.

भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर गड्ढों का जाल, हादसों का बढ़ा खतरा

0 8

 भोपाल से सलामतपुर तक करीब 40 किमी सड़क बदहाल, गहरे गड्ढों में फंस रहे दोपहिया वाहन; बारिश के बाद फिर उभरे गड्ढे, मिट्टी से भरने की कवायद पर उठे सवाल

मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन

भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर इन दिनों सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। भोपाल से लेकर सलामतपुर चौराहे तक करीब 40 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह छोटे-बड़े और कई स्थानों पर काफी गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालत यह है कि कई गड्ढों में मोटरसाइकिल का पहिया धंस जाने से वाहन चालक का संतुलन बिगड़ जाता है और हादसे का खतरा बना रहता है।

यह मार्ग भोपाल से विदिशा और आगे सागर की ओर जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहनों के लिए महत्वपूर्ण है। दिन-रात लगातार बढ़ते यातायात के बावजूद सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा भी नहीं लग पाता और वाहन चालक अचानक गड्ढे में गिरकर अनियंत्रित हो जाते हैं।

 

दो दिन की बारिश में फिर उभर आए गड्ढे

स्थानीय लोगों के अनुसार एमपीआरडीसी द्वारा कुछ दिन पहले सड़क के गहरे गड्ढों को भरने का काम किया गया था, लेकिन दो दिन की बारिश के बाद कई स्थानों पर गड्ढे फिर उभर आए और उनमें पानी भर गया। अब एक दिन पहले दोबारा इन गड्ढों को मिट्टी से भरने का काम शुरू किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी डालकर गड्ढे भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। बारिश के दौरान मिट्टी बह जाने के बाद सड़क फिर उसी स्थिति में पहुंच सकती है।

रात में सबसे ज्यादा खतरा

हाईवे पर रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते हैं या उन्हें बचाने के लिए वाहन दूसरी दिशा में मोड़ देते हैं। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन आपस में टकराने की स्थिति भी बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक-दो महीनों से इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

गड्ढे बचाने के चक्कर में भिड़ रहे वाहन

हाईवे पर कई जगह गड्ढों की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को उन्हें बचाने के लिए सड़क के दूसरे हिस्से में जाना पड़ता है। सामने से आने वाले वाहन के साथ अचानक टक्कर का खतरा पैदा हो जाता है। विशेषकर मोटरसाइकिल सवारों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। गहरे गड्ढे में पहिया पहुंचने पर चालक सड़क पर गिरकर घायल हो सकता है और गंभीर दुर्घटना की स्थिति में जान भी जा सकती है।

टोल वसूली के बावजूद सड़क की बदहाली पर सवाल

भदभदा क्षेत्र में टोल टैक्स भी स्थापित है, जहां कमर्शियल वाहनों से शुल्क वसूला जा रहा है। इसके बावजूद हाईवे की नियमित देखरेख और गड्ढों की मरम्मत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों और अन्य आला अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहता है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से बनी हुई है।

वहीं सलामतपुर चौराहे से विदिशा की ओर हाईवे-146 का नया मार्ग तैयार हो चुका है, जबकि सलामतपुर से भोपाल के बीच हाईवे-18 की हालत लगातार खराब होती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक फोरलेन निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक मौजूदा सड़क की मजबूती से मरम्मत बेहद जरूरी है। हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर गड्ढों की तत्काल मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बारिश के दौरान हादसों का खतरा और बढ़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

पशुओं के प्रति क्रूरता से परिवहन करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार     |     भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर एक सप्ताह में 10 से ज्यादा मवेशियों की मौत, गौशालाओं के बावजूद नहीं थम रहा हादसों का सिलसिला     |     भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर गड्ढों का जाल, हादसों का बढ़ा खतरा     |     सूखा करार मे बाहरी महिलाओं से देह व्यापार से नाराज ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा आवेदन     |     सम्मेद शिखरजी की पवित्रता के लिए प्रशासन और समाज मिलकर बनाएंगे ठोस कार्ययोजना : मुनि श्री प्रमाण सागर     |     जिला स्तरीय फ्लोरोसिस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर       |     भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी पेंशनर महासंघ  प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर  को सौंपा     |     टांडाखेड़ा से बाबा रामदेवरा के लिए 1200 किमी की पैदल यात्रा रवाना     |     दसाई बस स्टैंड पर शौचालय निर्माण की मांग     |     कांग्रेस में अनुशासनहीनता की कार्रवाई पर बनी विवाद की स्थिति, जिला अध्यक्ष के लेटर पैड पर नोटिस से उठे सवाल     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811