सागर।निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज ने कहा कि आचार्य भगवन श्री विद्यासागर महाराज ने जीवों के कल्याण के लिए अनेक महान ग्रंथों की रचना की, जिनमें मूकमाटी हिंदी भाषा का महाकाव्य है। आचार्य श्री ने शब्दों की अनावश्यक बढ़ोतरी से बचते हुए अपनी बात को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
उन्होंने मूकमाटी की पंक्तियों के माध्यम से समझाया कि जिस प्रकार मिट्टी से लिपटा हुआ अलाबू पानी में डूबता है और धीरे-धीरे मिट्टी छूटने पर ऊपर आ जाता है, उसी प्रकार आत्मा भी सांसारिक विषय-वासनाओं के आवरण से बंधी हुई है। “डूबो, मत लगाओ डुबकी” का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आत्मा के भीतर उतरने पर ही वास्तविक शांति, तृप्ति और आनंद की अनुभूति होती है।
आगामी 170 मंडली समवशरण महामंडल विधान को धर्म और आत्मकल्याण का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उन्होंने सभी से इसमें भावपूर्वक सहभागी बनने का आह्वान किया। मुनि श्री प्रभात सागर महाराज ने कहा कि गुरु हमारे जीवन को उन्नति का मार्ग दिखाते हैं और सभी को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देते हैं। परिवार में आपसी प्रेम और उचित व्यवस्था आवश्यक है; विभाजन की भावना संबंधों को कमजोर करती है। उन्होंने उदाहरणों और हास्यपूर्ण प्रसंगों के माध्यम से समझाया कि गुरु की आज्ञा का पालन और धर्म के प्रति सक्रियता ही जीवन को सही दिशा देती है। उदासीन आश्रम में रहना अलग बात है, लेकिन धर्म के क्षेत्र में उदासीन नहीं होना चाहिए। धर्म और ज्ञान में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। आगामी विधान धर्मध्यान और आत्मकल्याण के लिए अत्यंत उपयोगी अवसर है, इसलिए सभी को उत्साह पूर्वक इसमें सहभागी बनना चाहिए।
मुनि श्री पदम सागर महाराज ने कहा कि विधान में सबको धर्म आराधना के अनुष्ठान में शामिल होना चाहिए। 8 अक्टूबर को मुनि संघ का प्रवास उदासीन आश्रम में ही रहेगा।