सीके पारे रायसेन
कृषि उपज मंडी परिसर रायसेन में बलराम कृषि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पूरी तरह उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में तथा सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने किसानों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेती में आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाएं और अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो। उन्होंने किसानों से नई कृषि तकनीकों को अपनाने, फसल विविधीकरण और कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों को आय का साधन बनाने का आह्वान किया।
सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही प्रदेश और देश की खाद्य व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग बढ़ाकर उत्पादन के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने किसानों को शासन की कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
बलराम कृषि महोत्सव में किसानों के लिए कृषि से संबंधित विभिन्न जानकारियां और योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत तकनीक, कृषि आधारित गतिविधियों और बाजार से जुड़ी संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
महोत्सव में रायसेन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को और महत्वपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी किसानों से कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर संवाद किया। आयोजन के माध्यम से किसानों को खेती को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।