शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सुनेहरा से मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि वीरपुर से आई पांच महिलाओं और दो युवकों ने एक 50 वर्षीय महिला के घर में घुसकर हमला कर दिया। महिलाओं ने कथित तौर पर डंडों और लोहे की रॉड से महिला की जमकर पिटाई की। हमले में महिला के हाथ, पैर और कंधे में चोटें आई हैं।
पीड़िता क्रांति बाई अहिरवार सुनेहरा गांव की रहने वाली हैं। आरोप है कि वीरपुर से दो मोटरसाइकिलों पर पांच महिलाएं और दो युवक उसके घर पहुंचे। पांच महिलाओं ने घर में घुसकर क्रांति बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी, जबकि दोनों युवक घर के बाहर मौजूद रहे।
पीड़िता के मुताबिक, हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। दोनों पैरों समेत हाथ और कंधे में चोटें आई हैं। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी कथित तौर पर धमकी देते हुए वहां से चले गए।
बताया जा रहा है कि पीड़िता का बेटा विकास भोपाल में मजदूरी करता है। आरोप है कि विकास वीरपुर निवासी एक युवती को अपने साथ ले गया था। इसी विवाद को लेकर युवती के परिजनों ने विकास की मां पर हमला किया।घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।