मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज के गोसाई मोहल्ला में सलामतपुर थाना प्रभारी श्याम राज सिंह एवं दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को मानव तस्करी, अवैध गतिविधियों, जुआ, शराब एवं अन्य सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा अपराध रोकथाम में आमजन की भागीदारी बढ़ाना था।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है। किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर रोजगार, शादी या अन्य लालच में बच्चों और महिलाओं को कहीं भेजने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति गांव में दिखाई दे या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने जुआ, अवैध शराब के कारोबार और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अपराध समाज और युवाओं के भविष्य को प्रभावित करते हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इन गतिविधियों से दूर रहें और अपने आसपास होने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना बिना डर के पुलिस को दें।
थाना प्रभारी श्याम राज सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है। वहीं चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने ग्रामीणों को साइबर ठगी, संदिग्ध कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से भी सतर्क रहने की सलाह दी।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए और उन्हें कानून संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में दीवानगंज चौकी का समस्त पुलिस स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने ऐसे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।