“यहीं गोली मार दूंगा, जेल चला जाऊंगा” — तहसीलदार से बोला आरोपी
बदरवास में खनन माफिया बेखौफ, तहसीलदार की कार्रवाई के दौरान हाईड्रा-ट्रैक्टर लेकर भागे आरोपी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
बदरवास क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ग्राम सड़बूड़ रोड स्थित सिंध नदी के पास शासकीय भूमि की है।

तहसीलदार सचिन भार्गव पटवारी और कोटवार के साथ मौके पर पहुंचे थे। यहां एक हाईड्रा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने जब वाहनों को जब्त करने का प्रयास किया तो आरोपी जयमंडल यादव भड़क गया। उसने तहसीलदार को धमकाते हुए कहा— “रुक जाइए, नहीं तो गोली मार दूंगा और जेल चला जाऊंगा।” आरोपी ने अपने बेटे को घर से बंदूक लाने के लिए भी कहा।

हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी एक हाईड्रा और एक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहे। हालांकि टीम ने मिट्टी से भरी एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
कोटवार सुनील कुमार प्रजापति की शिकायत पर बदरवास थाना पुलिस ने आरोपी जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
सरकारी अमले पर इस तरह खुलेआम धमकी की घटना से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप है। खनन माफिया के हौसले किस कदर बुलंद हैं, यह घटना उसका उदाहरण है।