रायसेन।सांची विकासखंड के दीवानगंज में लाडली बहना योजना को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। गांव की करीब 20 से 25 महिलाओं का आरोप है कि पिछले चार महीनों से उनके खाते में आने वाली योजना की राशि रहस्यमयी तरीके से गायब हो रही है।

बैंक स्टेटमेंट में रकम फिनो पेमेंट्स बैंक के खाते में ट्रांसफर होकर एटीएम से निकाली गई दिखाई दे रही है, जबकि महिलाओं का दावा है कि उन्होंने न तो फिनो बैंक में खाता खुलवाया और न ही कभी एटीएम कार्ड लिया। उनका कहना है कि उनके खाते एसबीआई सलामतपुर और बैंक ऑफ बड़ौदा दीवानगंज में हैं।

अब पीड़ित महिलाएं बैंक और अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन जवाब किसी के पास नहीं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना सहमति खाता किसने खोला, एटीएम किसने बनवाया और आखिर सरकारी राशि किसकी जेब में जा रही है? यह मामला अब निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। इस मामले को लेकर आज दीवानगंज ग्राम पंचायत में सभी महिलाएं एकत्रित हुई और एक शिकायती आवेदन चौकी प्रभारी सुनील शर्मा को दिया गया।