रायसेन।जिला रायसेन की तहसील एवं कस्बा बरेली के निकट स्थित घोघरा नाले में अचानक बाढ़ के पानी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण नाले के उस पार खेतों में कार्य कर रहे 09 व्यक्ति फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड की डिजास्टर रेस्क्यू टीम (डीआरसी) बरेली को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम में प्रभारी नायक 269 परसराम मेहरा, सैनिक 215 विजय सिंह, सैनिक 57 राजेश शर्मा, सैनिक 45 जीवन सिंह ठाकुर, सैनिक 313 ब्रजेन्द्र राजपूत एवं सैनिक शम्भूप्रसाद शामिल थे। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित एवं सूझबूझ के साथ राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया। सम्पूर्ण रेस्क्यू कार्य श्री उमेश कुमार तिवारी डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

रेस्क्यू टीम ने घोघरा नाले में बढ़े जलस्तर के बीच फंसे सभी 09 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए सभी लोग जिला छिंदवाड़ा के निवासी हैं। इनमें मोहनवती (20 वर्ष), मोनिस (18 वर्ष), प्रमिला (18 वर्ष), लक्ष्मन्या (45 वर्ष), सविता (34 वर्ष), सुखराम (30 वर्ष), रामकुमार (24 वर्ष), शंकर (30 वर्ष) एवं रोहित (25 वर्ष) शामिल हैं।
होमगार्ड की डिजास्टर रेस्क्यू टीम द्वारा समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई एवं पेशेवर दक्षता के चलते सभी व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया। रेस्क्यू के उपरांत सभी लोगों ने होमगार्ड टीम का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन एवं होमगार्ड विभाग ने आमजन से अपील की है कि वर्षा ऋतु के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए जलभराव वाले क्षेत्रों एवं उफनते नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं आपदा राहत दल को सूचना दें।